प्रधानमंत्री मोदी की सेवा को सम्मान, एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान: जेपी नड्डा
बेंगलुरु, 15 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रमों और नीतियों के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाती है। राजस्थान की जनता ने ‘डबल इंजन’ सरकार को एक बार फिर अपना जनादेश दिया है।
बेंगलुरु में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नड्डा ने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। यह अभियान एक महीने तक चलेगा। उन्होंने कहा कि सुशासन और जनकल्याण प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और वह सेवा, प्रतिबद्धता तथा समर्पण की भावना के साथ देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्रधानमंत्री ने निर्धारित किया है।
नड्डा ने कहा कि जनता की सेवा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। राज्य से लेकर केंद्र तक उनकी कार्यशैली में सेवा और प्रतिबद्धता की भावना लगातार बनी रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने पिछले 25 वर्षों में एक दिन का भी अवकाश नहीं लिया और लगातार देशवासियों की सेवा में जुटे रहे।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानकर काम करते हैं और इसी भावना को सम्मान देने के लिए देशभर में एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 अक्टूबर को ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान देशभर में कुल 12 प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति की दिशा और दशा बदलने का काम किया है। उनके अनुसार, एक समय देश की राजनीति तुष्टीकरण, परिवारवाद, असमानता, विकासहीनता और जनविरोधी शासन जैसी प्रवृत्तियों से प्रभावित थी। मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण को राजनीति के केंद्र में रखा गया है।
नड्डा ने कहा कि सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की परंपरा प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव और सार्वजनिक जीवन में जो वादे किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया और कई ऐसे कार्य भी किए जिनका पहले उल्लेख नहीं किया गया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रतिबद्धता के मुद्दे पर जेपी नड्डा ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देकर दुनिया को अपने रुख से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई भारत को छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। भारत अब किसी के सामने मदद के लिए हाथ फैलाने वाला देश नहीं, बल्कि जरूरतमंद देशों की सहायता करने की क्षमता रखने वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दिन-रात देशवासियों की सेवा में जुटे हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आर्थिक क्षेत्र में कई सुधार किए गए हैं। देश में राष्ट्रीय राजमार्गों, हवाई अड्डों, रेलवे और रक्षा के बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने दावा किया कि रक्षा क्षेत्र का निर्यात 5,500 प्रतिशत बढ़ा है, जो भारत की बढ़ती रक्षा उत्पादन क्षमता को दर्शाता है।
नड्डा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को अब गंभीरता से सुना जा रहा है। ब्रिक्स सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अब तक 26 देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया है। उनके अनुसार, यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा प्रधानमंत्री की इसी सेवा भावना और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.