धारवाड़ आकाशवाणी केंद्र यथावत रहेगा, प्रसार भारती ने स्थानांतरण का फैसला वापस लिया

 


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रसार भारती ने कर्नाटक के धारवाड़ स्थित आकाशवाणी क्षेत्रीय केंद्र को बेंगलुरु स्थानांतरित करने के अपने फैसले को वापस ले लिया है। अब यह केंद्र उत्तर कर्नाटक के लोगों की भावनाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप धारवाड़ में ही संचालित होता रहेगा।

यह निर्णय धारवाड़ से सांसद और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के हस्तक्षेप के बाद लिया गया। उन्होंने इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाते हुए क्षेत्रीय महत्व और जनता की भावनाओं से अवगत कराया था।

दरअसल, प्रसार भारती के सक्षम प्राधिकारी ने पहले इस क्षेत्रीय केंद्र को बेंगलुरु स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था, जिसका उत्तर कर्नाटक के लोगों ने कड़ा विरोध किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रह्लाद जोशी से हस्तक्षेप की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रह्लाद जोशी ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से संपर्क किया और धारवाड़ केंद्र को वहीं बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्र के कार्यक्षेत्र और क्षेत्रीय आवश्यकता के महत्व को विस्तार से रखा।

इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अश्विनी वैष्णव ने प्रसार भारती को निर्देश दिया कि आकाशवाणी केंद्र को धारवाड़ में ही जारी रखा जाए।

इस फैसले के बाद प्रह्लाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अश्विनी वैष्णव का उत्तर कर्नाटक की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा