केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की मांग: कांग्रेस देश से माफी मांगे

 


बेंगलुरु, 23 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के कथित व्यवहार को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे “बेहद चौंकाने वाला और खेदजनक” बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को देश से माफी मांगनी चाहिए।

सोमवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस के इस रुख की आलोचना उनकी अपनी पार्टी के नेताओं ने भी की है। उन्होंने वरिष्ठ नेता मार्गरेट अल्वा के बयान का हवाला देते हुए कहा कि सम्मेलन जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर “अनुशासन, गरिमा और विवेक” बनाए रखना चाहिए था।

जोशी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने भी अलग अंदाज में इसी भावना को व्यक्त किया है।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, एआई शिखर सम्मेलन में 29 देशों के प्रतिनिधि, 45 मंत्री, देश के प्रमुख उद्योगपति तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षेत्र के विशेषज्ञ उपस्थित थे। ऐसे महत्वपूर्ण वैश्विक मंच पर कांग्रेस का आचरण अनुचित रहा।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग दोहराई। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं को भविष्य में शालीनता और मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा