कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

 


बेंगलुरु, 30 मई (हि.स.)। कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक आज बेंगलुरु में आयोजित होगी, जिसमें राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का विधायक दल का नया नेता चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

यह बैठक आज शाम 4 बजे विधान सौधा की तीसरी मंजिल स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित की जाएगी। विधायक दल के सचिव अल्लमप्रभु पाटिल ने सभी कांग्रेस विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के इस्तीफे को शुक्रवार को कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गेहलोत ने स्वीकार कर लिया था। इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल भी भंग कर दिया गया है। इसी पृष्ठभूमि में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।

बैठक की अध्यक्षता सिद्धरामैया करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद में सदन के नेता एन. एस. भोसाराजू, डी के शिवकुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और सभी कांग्रेस विधायक उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.