कर्नाटक के हुब्बली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तबीयत बिगड़ी, होटल में डॉक्टरों की टीम कर रही उपचार

 


हुब्बली, 19 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शनिवार को कर्नाटक के हुब्बली स्थित एक निजी होटल में तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनके साथ आई डॉक्टरों की टीम होटल में ही उनका उपचार कर रही है। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य में अचानक गिरावट के बाद डॉक्टरों ने अमित शाह को करीब दो घंटे आराम करने की सलाह दी है। इस बीच धारवाड़ के जिलाधिकारी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटील ने अमित शाह के ठहरने वाले निजी होटल का दौरा किया।

डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आराम करने के बाद अमित शाह के सीधे दिल्ली रवाना होने की संभावना है। तबीयत खराब होने के कारण शनिवार को निर्धारित उनके कार्यक्रम भी प्रभावित हुए हैं। उनके आज के कार्यक्रम रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अमित शाह शुक्रवार देर रात विशेष विमान से दिल्ली से हुब्बली हवाई अड्डे पहुंचे थे। इसके बाद वह एक निजी होटल में ठहरे हुए थे।

शनिवार को अमित शाह को केएलई संस्था के नवनिर्मित चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होना था।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.