बैरकपुर रैली में मोदी का वादा- कोलकाता बनेगा ‘सिटी ऑफ फ्यूचर’

 


बैरकपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को बैरकपुर की जनसभा से कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोलकाता को “सिटी ऑफ फ्यूचर” के रूप में विकसित किया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो सबसे पहले युवाओं को राज्य में ही रोजगार देने पर जोर दिया जाएगा। चार मई के बाद सरकारी नौकरियों की भर्ती समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे और लंबे समय से खाली पड़े सरकारी पदों को जल्द भरा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों को राजनीतिक दबाव से मुक्त किया जाएगा और सभी को सातवां वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने बंगाल में कंटेंट क्रिएशन और क्रिएटिव इकोनॉमी को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब बनाई जाएंगी, ताकि युवाओं को डिजिटल क्षेत्रों में नए अवसर मिल सकें।

प्रचार समाप्त होने के बाद सोमवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए बंगाली भाषा में एक ऑडियो संदेश भी जारी किया। अपने एक्स हैंडल पर सात मिनट 38 सेकेंड का संदेश साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र का यह पर्व भाजपा की जीत का झंडा फहराने का एक सुनहरा अवसर है और 29 अप्रैल को लोग मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएंगे।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि पूरे चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें बंगाल के लोगों से अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला, जिससे उन्हें नई ऊर्जा मिली है। यहां की युवा शक्ति, महिला शक्ति, किसान, मजदूर और व्यापारी—सभी “विकसित बंगाल” बनाने के लिए संकल्पित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता