अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन 30 सितंबर को, देशभर से सात हजार से अधिक महिला किसान लेंगी भाग

 


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय संघ का महिला प्रकोष्ठ 30 सितंबर को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन करेगा। इस सम्मेलन में देशभर से सात हजार से अधिक महिला किसान भाग लेंगी। इस मौके पर उत्कृष्ठ महिला किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।

सोमवार को भारतीय किसान संघ की अखिल भारतीय महिला संयोजिका मंजू दीक्षित ने मीडिया को बताया कि यह देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है। आज देशभर के 60 हजार से अधिक गांवों में हमारी ग्राम समितियां गठित है, जिनमें 42 लाख से अधिक महिला एवं पुरूष किसान कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य के तौर पर कार्य कर रहें है, जिसमें लगभग सात लाख महिला किसान कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी है। भारत में बोआई, रोपाई, कटाई, खरपतवार नियंत्रण और पशुपालन जैसे 60 से 80 प्रतिषत कृषि कार्यों को महिलायें ही संभालती है। महिलाएं कृषि की वास्तविक संचालक एवं रीढ़ हैं।

उन्होंने कहा कि

महिला किसान पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक कृषि ज्ञान, देशी बीजों के संरक्षण एवं जैव विविधता को बचाये रखने में सबसे अहम भूमिका निभा रही हैं। गौ कृषि वाणिज्यम की संकल्पना को मुर्तिरूप देने रसायनमुक्त अन्न के लिए गौ आधारित जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती को धरातल पर उतारने और परिवार एवं समाज के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने में महिलाओं की अग्रणी भूमिका है।

कृषि, दुग्ध उत्पादन एवं ग्रामीण हस्तशिल्प के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही है बल्कि अब कृषि प्रबंधन व निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है।

मंजू दीक्षित ने बताया कि वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र संघ के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष घोषित किया गया है। भारतीय किसान संघ भारत में महिला किसानों की प्रतिष्ठा को समाज में किसान के रूप में स्थापित कराने, कृषि कार्य की चुनौतियों को उजागर करने के लिए अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन 30 सितंबर को इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में करने जा रहा है। यह सम्मेलन सुबह 9ः00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें देशभर के सभी राज्यों की महिला किसान कार्यकर्ता सम्मिलित होंगें।

इस अवसर पर गौ कृषि वाणिज्यम्, जैविक खेती, बीज संरक्षण, पशुपालन, रोजगार एवं खाद्य प्रसंस्करण श्रेणियों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली देशभर से चयनित महिला किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी