बडगाम में मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा पाकिस्तानी नागरिक

 


बडगाम, 05 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 'ऑपरेशन अशदार' के दौरान बडगाम में मारे गए आतंकवादी की पहचान यासिर के तौर पर की है। वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा पाकिस्तानी का नागरिक था।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन के बाद उसकी पहचान की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक यासिर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था।

शुक्रवार को सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने बडगाम के अशदार गली इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती देने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान यह आतंकवादी मारा गया और एक एके राइफल के साथ युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।

सुरक्षा बलों ने इलाके में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों का पता लगाने के लिए पूरे जम्मू-कश्मीर में अपने ऑपरेशन तेज़ कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह