खरगे ने रामलीला मैदान की रैली में लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
खरगे ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि त्योहारों के मौसम में लोग कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों का मत देने का संवैधानिक अधिकार खतरे में है। इसके लिए उन्होंने आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जिम्मेदार ठहराया।
खरगे ने कहा कि सभी विपक्षी दलों की मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और एसआईआर की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए। इन मांगों को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर