(अपडेट) गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किए गए 490 पुलिसकर्मी व अधिकारी

 


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल एवं केंद्रीय पुलिस संगठनों के 490 पुलिसकर्मियों को वर्ष 2026 के लिए केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है। यह पदक उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने, पुलिसकर्मियों में उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देने और उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक कुल 490 सम्मानितों में से 358 को विशेष अभियानों में योगदान के लिए और 123 कर्मियों को जांच के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य के लिए इस पदक से सम्मानित किया जाएगा, जबकि फॉरेंसिक विज्ञान के कार्य के लिए नौ लोगों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

सम्मानित होने वालों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सर्वाधिक 114 जवान, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के 56 कर्मी, पंजाब पुलिस के 37 जवान, दिल्ली पुलिस के 36 जवान, झारखंड पुलिस के 28 जवान, तेलंगाना पुलिस के 21 जवान, असम पुलिस के 19 जवान और उत्तर प्रदेश पुलिस के 18 जवान शामिल हैं।

सीआरपीएफ के कमांडर दीपक भाटी समेत 114 जवानों को इस सम्मान से नवाजा गया है। सीबीआईसी के अतिरिक्त निदेशक गोल्डी शर्मा सहित 56 कर्मियों को पदक मिले हैं। असम राइफल्स के भी एक जवान को सम्मानित किया गया है।

राज्यों की हिस्सेदारी में विभिन्न पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों को विशेष अभियानों और जांच में उनके कार्य के लिए पदक प्रदान किए गए हैं। पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित प्रसाद समेत 37 जवान, दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विवेक कुमार त्यागी समेत 36 जवान (इसके अलावा जांच के क्षेत्र में दिल्ली एनसीटी से 15 अन्य कर्मी शामिल), झारखंड पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अनूप बिरथरे समेत लगभग 28 जवान, असम पुलिस के पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महथा समेत 19 जवान, महाराष्ट्र पुलिस के जॉइंट कमिश्नर लख्मी गौतम समेत 7 अधिकारी सहित अन्य राज्य तेलंगाना से 21, उत्तर प्रदेश से 17-18, छत्तीसगढ़ से 15 और हरियाणा से 6 पुलिसकर्मियों को पदक प्रदान किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक की शुरुआत पहली फरवरी 2024 को की गई थी। यह पदक पुलिस बलों, सुरक्षा संगठनों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, असम राइफल्स और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को उल्‍लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है। इस पदक की घोषणा हर वर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर की जाती है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी