कर्नाटक में 175 केंद्रों पर शुरू होगी ‘तेरे मेरे सपने’ पहल, एनसीडब्ल्यू ने किया करार
नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। शादी से पहले युवाओं और होने वाले पति-पत्नी को एक-दूसरे को बेहतर समझने और अच्छे रिश्ते बनाने में मदद करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कर्नाटक सरकार के साथ एक समझौता किया है।
इस समझौते के तहत कर्नाटक में 175 प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किए जाएंगे। यह केंद्र ‘तेरे मेरे सपने’ नाम की पहल के तहत काम करेंगे। कर्नाटक में इस कार्यक्रम का नाम ‘तेरे मेरे सपने – कूडी बालोना’ रखा गया है।
इन केंद्रों पर शादी से पहले युवाओं और होने वाले जोड़ों को कई जरूरी बातों की जानकारी दी जाएगी।
इसका मुख्य उद्देश्य शादी के बाद होने वाली कई परेशानियों और गलतफहमियों को पहले ही कम करना है, ताकि पति-पत्नी के बीच विश्वास, समझ और सम्मान बना रहे।
बेंगलुरु में इस समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर और कर्नाटक की मुख्य सचिव डॉ. शालिनी राजनीश मौजूद रहीं। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय महिला आयोग और कर्नाटक राज्य महिला आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
175 नए केंद्रों के लिए 175 परामर्शदाताओं (काउंसलर्स) का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। इन काउंसलर्स को युवाओं और होने वाले दंपतियों को सही तरीके से मार्गदर्शन देने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
आयोग इन केंद्रों के लिए प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा, ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स कार्यक्रम आयोजित करेगा और काम की निगरानी करेगा। कर्नाटक का महिला एवं बाल विकास विभाग इन केंद्रों को चलाएगा और लोगों को मुफ्त काउंसलिंग दी जाएगी। कर्नाटक राज्य महिला आयोग लोगों तक इस कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने और इसके काम की समीक्षा में मदद करेगा।
विजया रहाटकर ने कहा कि मजबूत परिवार अच्छे संवाद, विश्वास और एक-दूसरे की समझ पर बनते हैं। उन्होंने कहा कि शादी से पहले सही सलाह और काउंसलिंग मिलने से युवा बेहतर और मजबूत रिश्ते बना सकते हैं।
कर्नाटक में 175 केंद्र शुरू होने के बाद एनसीडल्ब्यू अब 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 283 से ज्यादा पीएमसीसी केंद्रों को मार्गदर्शन देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी