छत्तीसगढ़ के कांकेर से नक्सलियों का डंप किया हथियार और विस्फोटक बरामद
कांकेर, 26 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलाें के चलाए जा रहे अभियान में दो अलग-अलग क्षेत्रों से नक्सलियों की छिपाकर रखी गयी डंप सामग्री बरामद किया गया है। इसमें बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। बरामद नक्सली डंप में गुमचूर क्षेत्र से 303 राइफल के 42 राउंड मिले।
इसके अलावा 7.62 एसएलआर के 75 राउंड और 5.56 राइफल के 21 राउंड भी बरामद हुए। इसके साथ ही 7.62 एमएम एसएलआर मैगजीन फिलर के दो नग और एक स्टील कंटेनर भी मिला। छह इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी बरामद हुए, जिनमें से एक टूटा हुआ था।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम के द्वारा 25 मई कोसीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के साथ सघन तलाशी अभियान थाना कोयलीबेड़ा और जिला कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम गुमचूर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चला। सुरक्षा बलों ने यहां से नक्सल डंप सामग्री बरामद की। इसी प्रकार थाना परतापुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पदालमस्पी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चला। पुलिस ने यहां से भी नक्सल डंप सामग्री बरामद करने में सफलता पाई। यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे