गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए गंगा प्रहरी कैडर गठित: राज भूषण चौधरी
नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने बताया कि गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए स्थानीय समुदाय और युवा वर्ग को जोड़ने के लिए नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के अन्तर्गत गंगा प्रहरी कैडर गठित किया गया है। इस कैडर का मुख्य उद्देश्य आम जन मानस को गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए जागरूक किया जाना है ताकि इस मिशन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने यह जानकारी राज्यसभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को उनके पूछे गए सवाल के जवाब में सदन में दी है।
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने बताया कि इस इस मिशन के अन्तर्गत विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये गए हैं और पिछले तीन सालों में इन जागरूकता अभियानों पर कुल 17.68 करोड़ रूपये खर्च किये गए हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के तत्वावधान में गंगा नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए स्थानीय समुदाय और युवा वर्ग को जोड़ने के लिए गंगा नदी के तटों पर गंगा उत्सव, स्वच्छता पखवाड़ा, घाट पर योग, विश्व पर्यावरण दिवस और स्वच्छता अभियान आयोजित किये गए हैं। उन्होंने बताया कि इस उदेश्य के लिए नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा ने सीमा सुरक्षा बल के साथ समवन्य कर देवप्रयाग से गंगा सागर तक आल वीमेन रीवर राफ्टिंग का आयोजन किया। उन्होंने बताया कि इस मिशन ने गंगा नदी के जीर्णोद्धार में बच्चों और छात्रों को जोड़ने के लिए विभिन्न विश्विद्यालयों, कॉलेजों, प्रशिक्षण संस्थानों और सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट के साथ भागीदारी शुरू की है। गंगा नदी के जीर्णोद्धार में स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से निपटाने के लिए देश के उन 139 जिलों में जिला गंगा समितियों का गठन किया गया हैं जहां से गंगा नदी गुजरती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया