स्कूली बच्चों के पौष्टिक खाने के लिए हिमाचल को करीब 122 करोड़ का बजट आबंटित : शिक्षा राज्य मंत्री
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बताया कि बाल वाटिका और पहली से आठवीं कक्षा तक सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने बाले बच्चों को स्कूलों में गर्म पौष्टिक खाना उपलब्ध करवाने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए हिमाचल प्रदेश को 121.90 करोड़ का बजट आबंटित किया गया है। इस बजट में 110.66 करोड़ केंद्रीय हिस्सेदारी जबकि 11 .24 करोड़ की राज्य सरकार की हिस्सेदारी होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह जानकारी राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को पूछे गए एक सवाल के जवाब में संसद में दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत इस समय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 10.35 लाख स्कूलों में पढ़ने वाले 11 करोड़ बच्चों को गर्म पौष्टिक खाना प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के कार्यन्वन की प्राथमिक जिम्मेदारी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की है।
पीएम कुसुम योजना के तहत किसान लगा सकतें हैं दाे मेगावाट का सोलर प्लांट : ऊर्जा राज्य मंत्री
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरण ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नायक ने संसद में बताया कि पीएम कुसुम योजना के अन्तर्गत कोई भी किसान स्वयं या किसी डेवेलोपर के माध्यम से अपनी जमीन पर दो मेगावाट ऊर्जा क्षमता तक का सोलर पावर प्लांट स्थापित कर सकता है। राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को उनके पूछे गए एक सवाल के जवाब में संसद में दी।
उन्होंने बताया कि योजना के अन्तर्गत सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए मंत्रालय किसानों की कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए समय समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया