कैलाश हिल हत्याकांड में पूर्व नौकर राहुल मीणा गिरफ्तार, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप

 

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल इलाके में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित पूर्व नौकर राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को द्वारका के एक होटल से दबोचा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

जॉइंट सीपी साउदर्न रेंज विजय कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपित की तलाश में 15 से अधिक टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के अलावा राजस्थान के अलवर और दौसा भी भेजा गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपित घटना वाले दिन घर में आते-जाते दिखाई दिया। फुटेज में वह सुबह करीब 7:20 बजे घर से निकलता नजर आया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।

परिवार के अनुसार राहुल मीणा को करीब एक साल पहले एक परिचित के जरिए काम पर रखा गया था। हालांकि, उसका व्यवहार ठीक नहीं था। वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और अक्सर लोगों से उधार लेकर पैसे वापस नहीं करता था। इसी कारण करीब डेढ़ महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपित ने अपने कपड़े बदल लिए थे, जिसमें पैंट और जूते शामिल थे ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपित पहले राजस्थान के अलवर में एक महिला से दुष्कर्म के मामले में शामिल रहा है। इससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति का पता चलता है।

प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपित घर के ऊपरी हिस्से में गया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से कीमती सामान बैग में भरकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस केस को मजबूत बनाने के लिए सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपित को सख्त सजा दिलाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी