जुअल ओराम चार दिवसीय उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड दौरे पर रवाना हुए
नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुअल ओराम गुरुवार से रविवार तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं।
जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अनुसार इस यात्रा के दौरान वे जनजातीय शिक्षा, वरिष्ठ नागरिक कल्याण, स्वच्छ भारत अभियान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े आयोजनों में शामिल होंगे। साथ ही, वे उत्तराखंड के खटीमा में आयोजित ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव’ में भी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगेे।
मंत्री अपने दौरे के पहले दिन मेरठ के पल्लवपुरम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह उत्तराखंड के रामनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर श्री ओराम उत्तराखंड के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में आयोजित 'स्वच्छ भारत अभियान' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और स्वच्छता गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। दौरे के तीसरे दिन ओराम कैंचीधाम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात वे खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। दौरे के अंतिम दिन वह खटीमा में आयोजित ‘उत्तराखंड आदि रंगोत्सव’ में भाग लेंगे और जनजातीय संस्कृति व कला को प्रोत्साहित करेंगे।
इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के नेटवर्क के जरिए जनजातीय छात्रों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जमीनी समीक्षा करना है। इसके साथ ही, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक हितधारकों के साथ संवाद स्थापित कर कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी