तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर पहुंचे जेपी नड्डा, असम, नगालैंड और अरुणाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

 


डिब्रूगढ़ (असम), 04 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को डिब्रूगढ एयरपोर्ट पहुचे। वे आज रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ के मनोहारी रिसोर्ट में करेंगे। इसके बाद

बुधवार को वे शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त फसलों और मकानों का नड्डा निरीक्षण करेंगे तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का जायजा लेंगे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री नड्डा बाढ़ प्रभावित नगालैंड के मोन जिले में पहुंचेंगे, जहां बाढ़ प्रभावित गांवों और राहत शिविरों का वह निरीक्षण करेंगे। साथ ही डिफेंस कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में राहत कार्यों की समीक्षा कर प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।

बाद में नड्डा डिब्रूगढ़ लौटेंगे, जहां वह मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के साथ ही असम सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद नड्डा रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ में करेंगे।

6 अगस्त (गुरुवार) को केंद्रीय मंत्री अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली जाएंगे। वहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह इटानगर में अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और फिर इसी दिन गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश