पायलट ने राफेल के कॉकपिट से बनाया युद्धाभ्यास 'तरंगशक्ति' का वीडियो

 


युद्धाभ्यास तरंगशक्ति 2026: फ्रांसीसी वायुसेना ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

जोधपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन में बहुराष्ट्रीय वायुसेना अभ्यास 'तरंग शक्ति-2026' पूरी लय, रफ्तार और सैन्य जज्बे के साथ चल रहा है। युद्धाभ्यास के पेगासे-26 मिशन में संयुक्त अरब अमीरात स्थित फ्रांसीसी सैन्य एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमानों की एक टुकड़ी भी शामिल हुई। युद्धाभ्यास में चल रहे नाइट-ऑपरेशन्स से जोधपुर के आसमान में रात में भी लड़ाकू विमानों की गर्जना सुनाई दी।

जोधपुर एयरबेस पर अलग-अलग देशों के अत्याधुनिक विमान अपनी ताकत, तकनीक और ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। दुनिया की दिग्गज वायु सेनाओं के बीच तालमेल और साझा युद्ध क्षमता का प्रदर्शन हो रहा है। तरंग शक्ति के दौरान जोधपुर एयरबेस पर रात में भी हवाई गतिविधियां जारी हैं। तरंग शक्ति में हिस्सा ले रही फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष सेना ने सोशल मीडिया पर इस अभ्यास का काव्यात्मक पहलू साझा किया।

जोधपुर एयरबेस पर नाइट-ऑपरेशन्स के दौरान अपने राफेल लड़ाकू विमान और ग्राउंड क्रू की एक आकर्षक तस्वीर पोस्ट करते हुए फ्रांसीसी वायु सेना ने लिखा- भारत की रात की खामोशी में, जेट इंजनों के आफ्टरबर्नर की भयानक गर्जना और भीषण हवाई अभ्यास शुरू होने से ठीक पहले का यह लम्हा बेहद खास और काल्पनिक सा लगता है। इस ठहरे हुए पल में ग्राउंड क्रू और पायलट एक-दूसरे के बेहतरीन तालमेल में पूरी तरह डूब जाते हैं, जो तरंग शक्ति अभ्यास को एक अलग ही भावुक और कलात्मक पहचान देता है।------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश