युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रहे रोजगार मेले : बी.एल.वर्मा

 




बी.एल. वर्मा ने 330 अभ्यर्थियों को दी सरकारी सेवा की सौगात

लखनऊ,23 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। वहीं लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने प्रधानमंत्री रोजगार मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मंत्री ने कुल 330 अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा की सौगात दी, जिनमें से 198 उम्मीदवार भारतीय रेलवे का हिस्सा बनें।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री बी.एल.वर्मा ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बन रहे हैं। आज देश भर में 47 स्थानों पर रोजगार मेला आयोजित किया गया। जिनमें 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं लखनऊ में 330 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार रूप देने की महत्वपूर्ण पहल है।

रोजगार मेले के माध्यम से सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, मण्डल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, अपर मण्डल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, अपर मण्डल रेल प्रबंधक अरिमा भटनागर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन