बीएसएफ ने इंटरनेशनल बॉर्डर पार करने की कोशिश में एक पाकिस्तानी को पकड़ा
जम्मू, 21 जुलाई (हि.स.)। जम्मू जिले के अखनूर में 20-21 जुलाई की रात पुलिस पोस्ट खोर के अधिकार क्षेत्र में आने वाली बीएसएफ की 134 बटालियन की बीओपी मलाबेला पर तैनात बीएसएफ जवानों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा। वह पाकिस्तान की तरफ से भारतीय इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पार करने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारियों के अनुसार बीएसएफ जवानों को बॉर्डर के पास संदिग्ध गतिविधि दिखी, जिसके बाद घुसपैठिए का पता चला। संतरी ने बार-बार चेतावनी दी और रुकने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद वह व्यक्ति आगे बढ़ता रहा। बाद में उसे काबू कर लिया गया और बीओपी मलाबेला में हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहम्मद रफीक उर्फ काला (53) पिता मोहम्मद शफीक, निवासी गांव पिंडी, पाकिस्तान के तौर पर बताई। उसने बताया कि वह गांव लूनी (पाकिस्तान) से आया था और अपनी शादीशुदा बहन से मिलने के लिए गांव जंग (पाकिस्तान) जा रहा था।
बीएसएफ ने उसके पास से पाकिस्तानी राष्ट्रीय पहचान पत्र, चश्मा, सिगरेट के पैकेट, लाइटर, तंबाकू, केक, आम वाले बिस्कुट, चॉकलेट, नेल कटर और वॉलेट बरामद किया। फिलहाल यह पाकिस्तानी नागरिक मलाबेला में बीएसएफ की हिरासत में है, जहां उससे और पूछताछ और वेरिफिकेशन किया जा रहा है। बॉर्डर पार करने की घटना से जुड़े हालात की जांच की जा रही है।
---------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह