यूपी को धर्मांतरण और लव जिहाद मुक्त बनाएंगे: सुरेंद्र जैन
झांसी, 05 अक्टूबर (हि.स.)।
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने कहा कि अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष में समाज को उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि अशोक जी का सपना उत्तर प्रदेश को धर्मांतरण और लव जिहाद से मुक्त करना था। हम इस सपने को साकार करेंगे।
सुरेंद्र जैन ने कहा कि ‘‘इनके बहकावे में मत आना’’ और उत्तर प्रदेश को लव जिहाद मुक्त, भगवायुक्त तथा जातिवाद मुक्त बनाने का संकल्प लेकर जाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार अशोक सिंघल के बताए मार्ग पर चल रही है और आज उत्तर प्रदेश में सनातन धर्म यशस्वी होता दिखाई दे रहा है।
रामजन्मभूमि से जुड़े चंदा विवाद पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की भी अवहेलना कर रहे हैं। उनके मुताबिक, चंदा चोरी के मामले में सीमित लोग आरोपी थे और वे जेल में हैं। उन्होंने कहा कि किसी पुजारी या ट्रस्टी के चंदा चोरी में शामिल होने की बात सामने नहीं आई।
जैन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘जो टोटी चोर हैं, वे अगर आरोप लगाएंगे तो हमें हंसी आती है।’’ उन्होंने कहा कि रामभक्तों की भीड़ आज भी पहले जैसी है और सनातन के प्रति समाज का उत्साह कम नहीं हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अशोक सिंघल के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया