सिमडेगा के रामरेखा धाम को श्रीराम-गमन मार्ग से जोड़ने की हो पहल : आलोक कुमार

 


-राज्यपाल संतोष गंगवार से विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

-अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष पर साझा किए संस्मरण

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने झारखंड के सिमडेगा स्थित रामरेखा धाम को श्रीराम-गमन मार्ग से जोड़ने की पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रामरेखा धाम भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास से जुड़ी मान्यताओं के कारण विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इसे श्रीराम-गमन मार्ग की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास होना चाहिए।

आलोक कुमार रविवार को झारखंड प्रवास के दौरान विहिप के प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट कर रहे थे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने महाष्टमी के पावन अवसर पर राज्यपाल को लाल चुनरी ओढ़ाकर दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान विहिप के दिल्ली कार्यालय की ओर से श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रकाशित 'हिंदू विश्व' पत्रिका राज्यपाल को ससम्मान भेंट की गई। इस दौरान आलोक कुमार और राज्यपाल संतोष गंगवार ने अशोक सिंघल के जीवन से जुड़े अपने-अपने संस्मरण साझा किए।

आलोक कुमार ने राज्यपाल को अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

आलोक कुमार ने सिमडेगा स्थित रामरेखा धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थल भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण महत्वपूर्ण है। उन्होंने सीता रसोई और श्रीराम द्वारा खींची गई रेखा से संबंधित मान्यताओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी मान्यताएं इस स्थल को श्रीराम-गमन मार्ग से जोड़ने के महत्व को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या से लंका तक की यात्रा और वनवास से जुड़ी परंपराओं के संदर्भ में रामरेखा धाम को श्रीराम-गमन मार्ग की एक कड़ी के रूप में पहचान दिलाने के लिए पहल की जानी चाहिए।

राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार और उनकी पत्नी मंजू प्रभा, विहिप के झारखंड-बिहार क्षेत्र मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार तथा शाश्वत कुमार झा शामिल थे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे