रूस में हिरासत में रखे गए झारखंड के मनीष साहू सुरक्षित भारत लौटे

 


- राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष और भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से हुई वतन वापसी

रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए झारखंड के नागरिक मनीष साहू की सुरक्षित वतन वापसी हो गई है। झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के अनुसार, 29 वर्षीय मनीष 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) लौट आए।

विभाग के अनुसार, मनीष साहू छह अक्टूबर 2026 को पर्यटक के रूप में रूस गए थे। 27 अक्टूबर के बाद परिवार से उनका संपर्क टूट गया। इसके बाद उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। मनीष ने स्वयं विभाग को सूचना दी थी कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप लगाने और दबाव बनाए जाने की शिकायत भी की थी। विभाग ने स्पष्ट किया था कि ये आरोप मनीष की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित थे और इनका स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को रांची स्थित प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, भारतीय दूतावास, मॉस्को और संबंधित अधिकारियों को ई-मेल भेजकर तत्काल कांसुलर एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। दो नवंबर को मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सूचित किया कि मामला भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग के क्षेत्राधिकार में आता है और इसे वहां अग्रसारित कर दिया गया है।

इसके बाद तीन नवंबर को येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने विदेशी नागरिकों के अस्थायी हिरासत केंद्र में मनीष साहू से मुलाकात की और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने उनका शारीरिक स्वास्थ्य सामान्य और संतोषजनक पाया। मनीष ने भी इसकी पुष्टि की। हिरासत केंद्र के प्रमुख के आदेश में उन्हें प्रशासनिक अपराध का दोषी ठहराते हुए चार हजार रूबल का जुर्माना लगाया गया और रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया।

विभाग के अनुसार, नौ नवंबर को न्यायिक बेलीफ ने मामले की समीक्षा के बाद मनीष को 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से प्रस्थान करने की अनुमति दी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लिए हवाई टिकट बुक कराया।

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से मनीष 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से रवाना हुए। 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद 27 नवंबर को जमशेदपुर लौट आए। उनकी रूस से रवानगी से लेकर भारत पहुंचने तक भारतीय मिशन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया।

राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग और मामले में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों के प्रति आभार जताया है। विभाग ने कहा कि विदेशों में फंसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

विभाग ने रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन अवश्य करें। साथ ही पासपोर्ट जब्ती, अवैध भर्ती और वीजा नियमों के उल्लंघन जैसी परिस्थितियों से बचने के लिए भारतीय दूतावास या महावाणिज्य दूतावास के संपर्क में रहें।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे