रांची के विकास के लिए महापौर ने केंद्र सरकार से मांगा सहयोग

 


-रांची के समग्र विकास को लेकर महापौर व उपमहापौर ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से दिल्ली में की मुलाकात

रांची, 30 जून (हि.स.)। रांची की महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रांची के समग्र एवं सुनियोजित शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान महापौर रोशनी खलखो ने रांची की तेजी से बढ़ती जनसंख्या और शहरीकरण से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में बेहतर सड़क नेटवर्क, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता सेवाओं के विस्तार, हरित क्षेत्रों के विकास तथा अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण होगा।

महापौर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से रांची को एक स्वच्छ, आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने शहर के सतत विकास के लिए विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं को गति देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने रांची के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और शहर के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे