खूंटी सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री सोरेन ने जताया शोक
रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी किया गया है। संदेश में कहा गया है कि झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने शोक संदेश में लिखा कि इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सभी घायलों को तत्काल बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। हादसे के बाद दुर्घटनास्थल और प्रभावित परिवारों के गांवों में शोक का माहौल है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे