देशहित के बजाय परिवार की चिंता में लगी है कांग्रेस : अमरपाल मौर्य

 




रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद अमरपाल मौर्य उपस्थित रहे। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य के रांची प्रवास से भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला।

बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक समरसता, पिछड़े वर्गों के सशक्तीकरण और जनसेवा के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान आगामी चुनावों के मद्देनजर ओबीसी समाज के बीच संगठन को मजबूत बनाने और जनसमर्थन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौर्य ने कहा कि कांग्रेस आज भी देशहित की बजाय परिवार की चिंता में ही लगी हुई है।

अपने संबोधन के शुरुआत में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में उपचुनाव में भारी जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मुस्लिम बाहुल्य रेजीनगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की। यह जीत इस बात का द्योतक है कि बंगाल की जनता ने धर्म की राजनीति करने वाली विपक्षी पार्टियों को अपने वोट के जरिए करारा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां धर्म और जाति के नाम पर लोगों को गुमराह करने का काम करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार जो भी योजना लाती है। उसका लाभ सभी को समान रूप से बिना किसी भेदभाव के मिलता है। भले ही वह किसी भी जाति या धर्म का हो, भाजपा किसी भी धर्म या पंथ की राजनीति कतई नहीं करती। देश की जनता का विश्वास आज भी नरेंद्र मोदी के साथ है।

मौर्य ने कांग्रेस, झामुमो और अन्य विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि विरासत में मिली सत्ता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती। कांग्रेस आज भी देशहित की बजाय परिवार की चिंता में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश गरीब, वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है। मोदी ने शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष के माध्यम से देश की संस्कृति, समृद्धि और विकास को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही ओबीसी आयोग को सैद्धान्तिक मान्यता दी है, कांग्रेस ने तो 67 सालों से ओबीसी जाति को सिर्फ और सिर्फ ठगने का काम किया है।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठन है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व का झारखंड प्रवास कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो ने कहा कि झारखंड़ का पिछड़ा वर्ग हमेशा भाजपा का साथ देती आयी है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने कहा कि ओबीसी मोर्चा को पार्टी के अग्रिम दस्ते के रूप में काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के लिए प्राथमिकता से काम करती है। केंद्र सरकार की योजनाओं और लाभों को जनता तक पहुंचाने में मोर्चा के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इसके पूर्व ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड़ आगमन पर रांची एयरपोर्ट पर गाजे बाजे, ढोल नगाड़े और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। वहीं प्रदेश कार्यालय में भी उनका भव्य स्वागत किया गया।

बैठक में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव, पवन साहू, विधायक शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, मनोज यादव, बिरंची नारायण सहित अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे