गिरिडीह में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लाेगाें की मौत
गिरिडीह, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों में अर्जुन कुमार साव (17), विष्णुदेव साव (13), गजेंद्र साव (15), कुश कुमार (18)सहित अन्य शामिल है। वहीं, घायलों में उमेश यादव शामिल है।
इधर, इसी थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के टोला तिलयडीह में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में संतोष तिवारी (40) की मौत हो गयी। वे धान की खेत में बिचड़ा डाल रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बेहोश हो गए। उन्हें इसी हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। इस घटना बांसडीह गांव के टोला चंगचाचो के निवासी सुरेंद्र तिवारी के पुत्र विक्रम तिवारी घायल हो गया। घायल उमेश यादव और विक्रम तिवारी का उपचार जलखरियोडीह स्थित निजी चिकित्सा केंद्र पर कराया जा रहा है।
घटना को लेकर ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक अर्जुन कुमार साव, विष्णुदेव कुमार साव, गजेंद्र साव, कुश तिवारी और उमेश यादव पांचों किशोर देवपहाड़ी स्थित गोसांई आहर के पास बैठे हुए थे, इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद पांचों मूर्छित होकर गिर गए। इसके बाद पांचों को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना पर जमुआ की विधायक मंजू कुमारी, मंडल अध्यक्ष पंकज राम, भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी, विजयनंदन तिवारी, अजय राय, अजय तिवारी देवपहाड़ी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया। विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि आकाशीय बिजली के बचाव से
गांव गांव में तड़ित चालक लगवाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से विद्यालयों में तड़ित चालक लगवाया गया था, लेकिन उसे भी चोरों ने चोरी कर ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कमलनयन छपेरिया