(अपडेट) निशा भगत आत्महत्या मामले में सीबीआई का दावा, घटना के वक्त घर में अकेली थीं निशा
-क्राइम सीन रीक्रिएशन में किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत नहीं मिले, मोबाइल फोन गिरने से हुआ था बंद
रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। निशा भगत आत्महत्या के समय अपने घर में अकेली थीं। सीबीआई की प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों से इसकी पुष्टि हुई है। पिठोरिया के डहूटोली स्थित उस घर में, जहां निशा ने आत्महत्या की थी, सीबीआई ने सोमवार और मंगलवार को लगातार दो दिनों तक गहन छानबीन की। इस दौरान क्राइम सीन रीक्रिएशन की अधूरी प्रक्रिया भी पूरी की गई।
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से मिले संकेतों के आधार पर सीबीआई इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि घटना के वक्त घर में निशा के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। घटना से ठीक पहले निशा जिस मोबाइल फोन से फेसबुक लाइव कर रही थीं, वह फंदे से झूलने के दौरान किसी वस्तु से टकराकर नीचे गिर गया था। इसके बाद फोन बंद हो गया। मोबाइल बंद होने के कारण ही आशंका जताई जा रही थी कि घटना के वक्त कमरे में कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद हो सकता है। हालांकि, सीबीआई के क्राइम सीन रीक्रिएशन में इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई।
मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए दिल्ली से आई सीबीआई की टीम ने 16 नवंबर को अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए गए और निशा के साथ उनके संबंधों को लेकर घंटों पूछताछ की गई।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अनुशंसा पर झारखंड सरकार ने 10 नवंबर को सीबीआई जांच की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद 14 नवंबर को केंद्रीय एजेंसी ने पिठोरिया थाना में दर्ज कांड संख्या 0114/2026 की जांच अपने हाथ में ले ली। सीबीआई ने नामजद आरोपित अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी ने दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-वन में आरसी 04820226एस 0007 के तहत भी नया मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि छह नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित किराये के मकान में निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं। लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इस दौरान उन्होंने अजय तिर्की का नाम भी लिया था।
बताया गया है कि आत्महत्या से पहले निशा ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें थाने आने की बात कहकर फोन काट दिया था।
इस मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने भी संज्ञान लिया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने निशा के फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे