भाजपा की संगठनात्मक बैठक में नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र

 




रांची, 07 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दूसरे दिन रविवार को रांची जिले के कुच्चू स्थित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पैतृक आवास पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों, चुनावी प्रत्याशियों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक चुनौतियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा झारखंड में भाजपा के विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक तथा वर्ष 2024 के चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी शामिल हुए। इसके अलावा संगठनात्मक दृष्टिकोण से रांची जिले के तीनों संगठनात्मक जिलों के कार्यसमिति सदस्यों ने भी बैठक में सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करना था।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष ने विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित झारखंड के लक्ष्य को भी रेखांकित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक विस्तार के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाकर पार्टी के जनाधार को और मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद भी हुआ, जिसमें संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का संदेश दिया।

बैठक के दौरान नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आवास पर ही अल्पाहार किया और उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन में पारिवारिक और वैचारिक मूल्यों की भूमिका पर भी चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे