झारखंड को हमने बनाया, हम ही संवारेंगे : नितिन नवीन

 






- देश के किसान खुश होंगे तभी देश खुश रहेगाः भाजपा अध्यक्ष

रांची, 06 जून (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड को हमने बनाया है और हम ही संवारेंगे। इस झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है। हम ही झारखंड को, उसकी विरासत और संस्कृति के साथ विकास के नए पायदान पर ले जाने का काम करेंगे। भाजपा अध्यक्ष रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में शनिवार को प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम विकसित भारत ऐट दि रेट ऑफ 2047 पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि मां छिन्मस्तिका, बाबा वैधनाथ धाम बाबा की पावन भूमि झारखंड़ से मेरा भावनात्मक रिश्ता रहा है। उन्होंने प्रबुद्धजनों की ओर से किसानों से सम्बंधित पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अगर देश के किसान खुश होंगे तभी देश खुश रहेगा। हमारी सरकार उनकी आय दुगुनी कैसे हो, इसके लिए प्रयास कर रही है। हमारी सरकार ऑर्गेनिक खेती पर जोर दे रही है। हर जिले में ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को इंसेंटिव देने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि अच्छे दिन लाएंगे और आज हर व्यक्ति के जीवन मे बदलाव लाकर अच्छे दिन लाने का प्रयास किया है। मोदी सरकार ने देश मे 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। लोग भूख से न मरें, इसलिए मोदी सरकार ने 80 करोड़ लोगों को 05 किलो अनाज मुफ्त में दे रही रही है।

उन्होंने कहा कि इलाज के अभाव में किसी की मृत्यु न हो या किसी को अपनी भूमि और जेवरात गिरवी न रखना पड़े, इसके लिए 60 करोड़ परिवार को नरेन्द्र मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना का लाभ देती है।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने महिलाओं को सम्मान देने के लिए जनधन योजना के माध्यम से 54 करोड़ खाता खुलवाया। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली से चला 15 पैसे ही लाभुक तक पहुंचता था, लेकिन आज डीबीटी के माध्यम से पूरा एक रुपया उन तक पूरा पहुंचता हैं। यह जनधन योजना से ही संभव हो पाया है।

उन्होंने कहा कि हम सबसे बड़े युवावादी वाले देश हैं। 02 लाख से अधिक स्टार्टअप देश में चल रहे हैं। यहां के युवा रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं। 125 से अधिक यूनिकॉर्न देश में कार्यरत हैं। यह देश के युवाओं के कौशल और उद्यमिता का प्रतीक है।

महिला शक्ति को लेकर उन्होंने कहा कि एक महिला के आगे बढ़ने से दो परिवार आगे बढ़ती है। 03 करोड़ लखपति महिला दीदी बनाने में हम सफल हुए हैं। महिलाएं परिवार और राज्य को सबल बनाती हैं। भले ही नारीशक्ति अधिनियम अभी सफल नहीं हुआ। लेकिन हमारा संकल्प है कि इस देश की आधी आबादी को हम पूरा सम्मान देंगे और 33 प्रतिशत आरक्षण का जो संकल्प हमने लिया है, आने वाले समय में हम इसे जरूर पूरा करेंगे। जब इस देश में पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को अधिकार मिला, तो हमने देखा कि किस प्रकार महिलाओं ने पंचायती राज और नगर निकाय में अपने प्रतिनिधित्व को सशक्त रूप में लिया और उनकी भागीदारी से आज हम कह सकते हैं कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं ने बहुत बड़ा योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 करोड़ शौचालय बनाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया। गरीबों को 04 करोड़ आवास दिया गया। 10 करोड़ गरीब माताओं को उज्जवल योजना के तहत गैस उपलब्ध कराया गया। महिलाओ को सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ाने के लिए हम संकल्पित हैं। छोटे कारोबारियों के बारे में भी मोदी सरकार ने चिंता की। 75 लाख ठेला खोमचा वाले को 10 हज़ार रुपये की लोन दी गयी और इनके जीवन स्तर को उठाया गया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती है। आज कोई एक ईट फेंकता है तो हम उसका जवाब पत्थर से देते हैं। विश्व की कोई भी ताकत हो, हम देश की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं कर सकते हैं। रक्षा समानों का निर्यात कर रहे हैं। नक्सलवाद को समाप्त करने में हमारी सरकार सफल हुई है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देश को सांस्कृतिक दृष्टि से भी मजबूत बनाया। राम मंदिर और काशी कॉरिडोर बनाकर देश की सांस्कृतिक धरोहर और मूल्यों को स्थापित कर इसे जीवंत रखा। मेडिकल के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। कई एम्स बनाये गए और कई मेडिकल कॉलेज खोले गए। साथ ही कई आईआईटी, एकलव्य विद्यालय खोले गए हैं।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, डॉ एचपी नारायण, पूर्णमल जैन, चंदन मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने किया।

इस संवाद कार्यक्रम में प्रभाकर त्रिपाठी, पंकज रॉय, डॉ सविता सेंगर, गोपाल पाठक, अजय कुमार मिश्रा, पूजा साहू, प्रो (डॉ) पवन कुमार, डॉ अश्विनी कुमार, आदित्य विक्रम वर्मा, डिम्पी हल्दर, वंदना कुमारी, रेणुका तिवारी, जय प्रकाश शर्मा, डॉ भूपेन्द्र सिंह, शौर्य द्विवेदी, अधिवक्ता राजेश कुमार , डॉ बैद्यनाथ कुमार, दिनेश चंद्र मिश्रा सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे