हैदराबाद में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान जी. किशन रेड्डी से मिले प्रवासी, बिहार-तेलंगाना के बीच नई ट्रेनों की मांग

 


हैदराबाद, 29 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद के हिमायतनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सार्वजनिक रूप से सुना। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता और प्रवासी बिहारी समुदाय के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बिहार और तेलंगाना के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल देखने को मिली। बिहार समाज सेवा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर प्रवासी बिहारियों की समस्याओं से अवगत कराया और एक ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से तीन महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर नियमित ट्रेनों की मांग रखी, जिनमें सिकंदराबाद से पटना के बीच अतिरिक्त दैनिक या नियमित ट्रेन, सिकंदराबाद से वाराणसी के बीच नई नियमित रेल सेवा और हैदराबाद से दरभंगा के बीच सीधी ट्रेन सेवा शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस मौके पर बताया कि इन मार्गों पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव रहता है, विशेषकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान। नियमित ट्रेनों की कमी के कारण यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट, टिकट की अनुपलब्धता और निजी बसों के महंगे किराए जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी रेखांकित किया कि सिकंदराबाद से वाराणसी के बीच रेल सेवा शुरू होने से धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी, क्योंकि बड़ी संख्या में तेलुगु भाषी श्रद्धालु वाराणसी (काशी) की यात्रा करते हैं।

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस विषय पर रेल मंत्रालय से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इससे पूर्व संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजू ओझा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में प्रवासी समाज की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा तेलंगाना प्रवासी सेल के सह-संयोजक संजय सिंह और भाजपा हैदराबाद जिला प्रवासी संयोजक नवरत्न पासवान सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भवनाथ मिश्रा और अजय मिश्रा भी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj