जेईई मेन फेज-2 का रिजल्ट जारी, गुजरात के निमय पुरोहित की 100 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया में 16वीं रैंक

 


- 26 कैंडिडेट्स ने हासिल किए 'परफेक्ट 100' एनटीए स्कोर

गांधीनगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए आयोजित जेईई (जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन) मेन के दूसरे एवं अंतिम चरण का परिणाम घोषित कर दिया गया। इस बार पूरे देश में कुल कुल 26 उम्मीदवारों ने 'परफेक्ट 100' एनटीए स्कोर (पर्सेंटाइल) हासिल किया है। गुजरात के लिए गर्व की बात यह है कि राजकोट के निमय पुरोहित ने 100 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया में 16वीं रैंक प्राप्त की है और वे राज्य के एकमात्र छात्र हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

निमय पुरोहित पहले चरण में भी गुजरात में टॉपर थे और दूसरे चरण में भी उन्होंने अपनी स्थिति बरकरार रखी। उनके माता-पिता दोनों फिजियोथेरेपिस्ट हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इंजीनियरिंग क्षेत्र को चुना। निमय का कहना है कि उन्हें छठी कक्षा से ही गणित विषय में रुचि थी, जिसके चलते उन्होंने इंजीनियरिंग को अपना लक्ष्य बनाया। अब वे JEE एडवांस की तैयारी कर रहे हैं और भविष्य में IIT मुंबई से इंजीनियरिंग करने का सपना रखते हैं।

देशभर में 100 एनटीए स्कोर प्राप्त करने वाले छात्रों में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से पांच-पांच, राजस्थान से चार, दिल्ली से तीन, जबकि महाराष्ट्र और हरियाणा से दो-दो छात्र शामिल हैं। इसके अलावा चंडीगढ़, बिहार, तमिलनाडु, ओडिशा और गुजरात से एक-एक छात्र ने यह उपलब्धि हासिल की है।

वहीं, सूरत के शौर्य खेमका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 179वीं रैंक हासिल की है। इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत रही है। शौर्य ने पिछले पांच महीनों से रोजाना 13 से 14 घंटे पढ़ाई की। उन्होंने बताया कि कोचिंग शिक्षकों की मदद से उनके सभी डाउट्स क्लियर हुए और लगातार रिविजन पर फोकस करने से उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे