जयंत चौधरी ने 5 नई सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन को दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली, 09 जून (हि.स)। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने मंगलवार को पांच नए सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनका मकसद देश में डिजिटल समावेशन और भविष्य के लिए जरूरी स्किलिंग का विस्तार करना है।
भारत में डिजिटल समावेशन और भविष्य के लिए तैयार कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए पांच नए सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन लॉन्च किए हैं। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के मुताबिक ये स्किल वैन उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के समुदायों की सेवा करेंगी। सौर ऊर्जा से चलने वाली प्रौद्योगिकी, एआई-सक्षम शिक्षा और रोजगार के अवसर सीधे युवाओं, महिलाओं और वंचित आबादी तक पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन भारत के हर कोने तक प्रौद्योगिकी और अवसरों को सुलभ बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि ये स्किल वैन सिर्फ डिजिटल स्पेस से कहीं अधिक हैं, जो स्वच्छ ऊर्जा, एआई-सक्षम शिक्षा और उद्योग-अनुरूप कौशल विकास को मिलाकर युवाओं को उभरते अवसरों के लिए तैयार करते हैं। जयंत चौधरी ने उम्मीद जताई कि ये केंद्र समुदायों को सशक्त बनाएंगे और समावेशी विकास और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल की दिशा में भारत की यात्रा को मजबूत करेंगे।
डेल टेक्नोलॉजीज इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मनीष गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि डेल टेक्नोलॉजीज भारत के समावेशी, प्रौद्योगिकी-आधारित विकास के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन इस बात का प्रमाण हैं कि जब सरकार, उद्योग और समुदाय एक साझा मिशन के लिए एकजुट होते हैं तो क्या संभव हो सकता है। गुप्ता ने कहा कि ये स्किल वैन शिक्षार्थियों और कामगारों की एक नई पीढ़ी को उनके अपने समुदायों में ही भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार करेंगी।
भारत में वित्त वर्ष 2023 में पहली सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन शुरू होने के बाद से यह कार्यक्रम 14 राज्यों के 18 जिलों तक पहुंच चुका है। इससे 26.7 लाख लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है। वैश्विक स्तर पर यह पहल 12 देशों में 63 स्किल वैन संचालित करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर