जापान के विदेश मंत्री ने की दिल्ली मेट्रो की यात्रा

 


नई दिल्ली, 17 जनवरी (हि.स.)। जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी ने शनिवार को केंद्रीय सचिवालय से पटेल चौक तक दिल्ली मेट्रो में यात्रा की। इस दौरान उनके साथ भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची भी रहे। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करके यह जानकारी दी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, जापान के विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु के साथ आए प्रतिनिधिमंडल को केंद्रीय सचिवालय में डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली मेट्रो परियोजना के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु और प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सचिवालय से पटेल चौक तक और वापस पटेल चौक से केंद्रीय सचिवालय तक यात्रा की।

जापान के विदेश मंत्री ने अपने इस दौरे के दौरान दिल्ली मेट्रो के निर्माण और संचालन के विभिन्न पहलुओं में गहरी रुचि दिखाई, जो भारत-जापान की मित्रता और सहयोग का गौरवशाली प्रतीक है। जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) ने चरण 1 से ही दिल्ली मेट्रो परियोजना को वित्तीय सहायता प्रदान की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव