केंद्र ने जयपुर मेट्रो फेज-2 को दी मंजूरी, 41 किमी लंबा कॉरिडोर बनेगा
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार ने जयपुर शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना को मंजूरी दे दी है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस 41 किलोमीटर लंबे नॉर्थ–साउथ कॉरिडोर को स्वीकृति प्रदान की गई।
जयपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसकी बढ़ती आबादी एवं पर्यटन को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि फेज-2 के शुरू होने से शहर के बड़े हिस्से को मेट्रो से जोड़ दिया जाएगा और यह ईस्ट-वेस्ट एवं नॉर्थ-साउथ दोनों कॉरिडोर को एकीकृत करेगा।
यह मेट्रो कॉरिडोर प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक बनाया जाएगा, जिसमें कुल 36 स्टेशन होंगे। इनमें से दो स्टेशन भूमिगत होंगे जबकि शेष एलिवेटेड होंगे। परियोजना की कुल लागत 13,038 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसका निर्माण राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरएमआरसीएल) द्वारा किया जाएगा, जो केंद्र और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है।
यह परियोजना जयपुर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, स्टेडियम, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर को आपस में जोड़ेगी। एयरपोर्ट क्षेत्र में कुछ स्टेशन भूमिगत होंगे, जबकि बाकी हिस्सा एलिवेटेड रहेगा।
फेज-2 को वर्तमान में संचालित फेज-1 से जोड़ा जाएगा, जिससे पूरे शहर में एकीकृत मेट्रो नेटवर्क तैयार होगा। फेस-1 के साथ खासाकोटी में इसका बड़ा इंटरचेंज बनेगा। अभी फेज-1 के 11.64 किमी लंबे कॉरिडोर पर रोजाना करीब 60,000 यात्री सफर करते हैं, और फेज-2 के शुरू होने के बाद इस संख्या में काफी वृद्धि होने की संभावना है।
सरकार के अनुसार इस परियोजना से शहर में ट्रैफिक जाम कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों को बेहतर व तेज परिवहन सुविधा मिलेगी। परियोजना का आर्थिक आंतरिक प्रतिफल दर (ईआईआरआर) 14 प्रतिशत से अधिक है, जो इसकी आर्थिक व्यवहार्यता को दर्शाता है।
इस मेट्रो प्रोजेक्ट को राजस्थान टीओडी नीति-2025 और राष्ट्रीय शहरी परिवहन लक्ष्यों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसे सितंबर 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार