जोधपुर में आईएसआईएस हैंडलर के घर एनआईए का छापा, बाइक-दस्तावेज जब्त

 


- एनआईए ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मकान का कोना-कोना खंगाला

जोधपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीम ने बुधवार सुबह प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े जीशान के घर पर करीब 10 बजे दबिश दी। वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं का ब्रेनवॉश करता था। आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम ने उसे मार्च में राजस्थान पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया था और वह इस समय आंध्र प्रदेश की किसी जेल में बंद है।

एनआईए ने दोपहर दो बजे तक जीशान के घर की तलाशी ली और उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर ली। स्थानीय पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच एजेंसी के अधिकारियों ने घर के कोने-कोने को खंगाला। एनआईए के अधिकारियों ने जीशान की बैंक डिटेल्स, उसके खर्चों और हाल के महीनों में घर आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।

सदर बाजार थानाधिकारी मानक राम बिश्नोई ने बताया कि मार्च में आंध्र प्रदेश की एटीएस टीम ने नई सड़क के पास से जीशान को पकड़ा था। जांच में सामने आया कि वह बेनेक्स नाम का एक ग्रुप चला रहा था, जिसके जरिए वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोडक़र उनकी भर्ती करता था।इस ग्रुप का एडमिन बनने के लिए उसने बाकायदा एक ऑनलाइन परीक्षा पास की थी। इसके बाद उसे आईएसआईएस की विचारधारा और जिहादी सामग्री फैलाने की जिम्मेदारी दी गई। वह सोशल मीडिया के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं को अपने जाल में फंसाता था और उनका ब्रेनवॉश कर आतंकी नेटवर्क में शामिल करता था।

इस मामले में एटीएस के बाद अब एनआईए जांच कर रही है। शुरुआती जांच में ही यह साफ हो गया था कि जीशान बेहद शातिर तरीके से इंटरनेट और सोशल मीडिया पर सक्रिय था और देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। ------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश