आईआरसीटीसी की 'सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा' 25 सितंबर से, 11 दिन में 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन

 


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के जरिए पश्चिमी और मध्य भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली 'सप्त ज्योतिर्लिंग महायात्रा' शुरू करने की घोषणा की है। 11 दिनों की यह यात्रा 25 सितंबर, को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।

इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में स्थित सात ज्योतिर्लिंगों महाकालेश्वर (उज्जैन), ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर के दर्शन करेंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, रुक्मिणी देवी मंदिर, बेट द्वारका, भालका तीर्थ, एलोरा के कैलाश मंदिर तथा पंचवटी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।

आईआरसीटीसी के अनुसार, यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए लगातार ट्रेन में रात्रि प्रवास के बजाय विभिन्न स्थानों पर तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है। भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन में एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के आधुनिक कोच, शाकाहारी भोजन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था तथा समर्पित टूर मैनेजर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

यात्रा पैकेज की शुरुआती कीमत ट्रिपल शेयरिंग आधार पर 88,810 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है, जबकि एसी प्रथम श्रेणी में सिंगल शेयरिंग का किराया 1,34,255 रुपये तक है। आईआरसीटीसी ने बताया कि भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे द्वारा दी जा रही लगभग 33 प्रतिशत की रियायत पहले से ही पैकेज में शामिल है।

पैकेज में ट्रेन यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने, शाकाहारी भोजन, वातानुकूलित वाहनों से स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा और आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल तथा देशभर के अधिकृत आईआरसीटीसी पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी