ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची

 

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची आगामी ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर आएंगे। भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी है।

दूतावास के अनुसार, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली इस बैठक के दौरान अराघची भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत ब्रिक्स देशों के अन्य विदेश मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और बहुपक्षीय साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की यह अहम बैठक 14 और 15 मई को भारत की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष ब्रिक्स समूह की मेजबानी भारत कर रहा है और इसी क्रम में सितंबर में नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन भी प्रस्तावित है।

विदेश मंत्रियों की यह बैठक आगामी शिखर सम्मेलन की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें सदस्य देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

ब्रिक्स समूह में सदस्य देशों के रूप में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं, जबकि हाल के विस्तार के बाद ईरान समेत कुछ नए देशों को भी इसमें शामिल किया गया है। ऐसे में ईरान के विदेश मंत्री की भारत यात्रा को ब्रिक्स के भीतर बढ़ते सहयोग और पश्चिम एशिया से जुड़े मुद्दों पर संवाद के दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय