निवेशकों की मदद के लिए सहायता पोर्टल का शुभारंभ
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) ने वैश्विक, घरेलू निवेशकों और उद्योग जगत के दिग्गजों की मदद के लिए एक विशेष निवेशक सहायता ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार सरकार देश में एक मजबूत, विश्वसनीय और टिकाऊ सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में आईएसएम ने वैश्विक व घरेलू निवेशकों और उद्योग जगत के दिग्गजों की मदद के लिए एक विशेष निवेशक सहायता ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। यह पोर्टल अब वेबसाइट आईएसएम डॉट जीओवी डॉट इन स्लैशइन्वेस्टमेंट पर लाइव हो चुका है।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को मुख्य रूप से निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और भारत में निवेश की प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है।
भारत में निवेश के इच्छुक निवेशकों को अब सरकारी योजनाओं, नीतियों, स्वीकृत परियोजनाओं और विनियामक आवश्यकताओं से जुड़ी हर जानकारी एक ही पोर्टल पर मिल जाएगी।
निवेशक अपनी किसी भी समस्या या शिकायत को इस पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा सभी संबंधित हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक सुरक्षित, भूमिका-आधारित और एकल-खिड़की डिजिटल इंटरफ़ेस तैयार किया गया है, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
लॉन्च इवेंट के दौरान आईएसएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा ने विदेशी निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुविधाएं देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण और डिजाइन इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सभी विभागों को निवेशकों की चिंताओं को दूर करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इस पोर्टल के माध्यम से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के अधिकारी विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, अनुमोदित परियोजना कंपनियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय व्यापार निकायों के नोडल अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे। इस दौरान सभी नोडल अधिकारियों को पोर्टल के ढांचे, कार्यक्षमताओं, ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के तहत अब तक 12 फैब, पैकेजिंग परियोजनाओं के साथ-साथ 24 सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी