संभल हिंसा का मुख्य मास्टरमाइंड शारिक साठा के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया

 


संभल, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य मास्टरमाइंड बताए जा रहे दुबई में बैठे शारिक साठा के खिलाफ अब इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने शुक्रवार काे बताया कि शारिक साठा को न्यायालय पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुका है। उसकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है। पुलिस ने शारिक साठा से संबंधित पूरा डोजियर तैयार कर सीबीआई को सौंपते हुए यह मांग की गई थी कि उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाए। सीबीआई और इंटरपोल के बीच कम्युनिकेशन के बाद अब उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है।

पुलिस के अनुसार, शारिक साठा कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश गया और बाद में दुबई में रह रहा है। पुलिस उसकी गतिविधियों और उससे जुड़े लोगों पर लगातार निगरानी रख रही थी। अब पुलिस की कोशिश है कि वह जिस भी देश में मौजूद हो, वहां से उसे गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित कराया जाए।

एसपी ने बताया कि पुलिस रिकार्ड के मुताबिक, शारिक साठा पर 24 नवंबर की हिंसा से पहले भी करीब 55 से 60 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का लक्ष्य है कि उसे भारत लाकर सभी मामलों में कानून के तहत कार्रवाई कर उसे सजा सुनिश्चित कराई जाए।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar