प्रधानमंत्री ने बायोलॉजी और केमिस्ट्री ओलंपियाड के भारतीय मेडल विजेताओं को दी बधाई
नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लिथुआनिया के विल्नियस में आयोजित 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड और 58वें इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में पदक जीतने वाले भारतीय विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी उपलब्धि को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि विल्नियस में आयोजित 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में भारतीय टीम के सभी चार सदस्यों ने पदक हासिल किए हैं, जिसमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है। उन्होंने भव्य गुनवाल, सौमिल माइती, निशित कलानी और अनमोल कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय विद्यार्थियों ने मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री, एनिमल फिजियोलॉजी, एनिमल मॉर्फोलॉजी और सिस्टमैटिक्स सहित प्लांट कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी जैसे क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विद्यार्थियों की सफलता देश के अन्य युवाओं को भी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं, इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में भारतीय टीम की सफलता पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति वैश्विक मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। उन्होंने 58वें इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाले देबदत्ता प्रियदर्शी, हर्षित सिंघल, कबीर चिल्लर और संदीप कुची को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। विद्यार्थियों की प्रतिभा, कड़ी मेहनत, लगन और विज्ञान के प्रति उनके जुनून ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इन युवा वैज्ञानिकों की उपलब्धि से आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थी भी रसायन विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक विषयों के अध्ययन के लिए प्रेरित होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय विद्यार्थियों की लगातार बेहतर होती भागीदारी देश में विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को दर्शाती है। युवा प्रतिभाओं की ऐसी उपलब्धियां विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करती हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी