गोवा-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में खराबी, आपात स्थिति में विमान की सुरक्षित लैंडिंग

 


पणजी, 01 सितंबर (हि.स.)। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6-ई 2102 के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद विमान में आपात स्थिति घोषित कर दी गई। इस स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ लिया। विमान की मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6-ई 2102 ने मंगलवार सुबह 9.16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद पायलटों ने मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने सुबह 9.30 बजे पूर्ण आपात स्थिति (फुल इमरजेंसी) घोषित की।

विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जब उसने यू-टर्न लेकर गोवा की ओर वापसी शुरू की। फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र के ऊपर से वापस गोवा की ओर मुड़ा।

विमान ने सुबह 9.51 बजे मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे नंबर 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। विमान के सुरक्षित उतरने की पुष्टि के बाद एटीसी ने सुबह 10.03 बजे पूर्ण आपात स्थिति समाप्त कर दी।

लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग क्षेत्र में ले जाया गया। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए उड़ान का समय पुनर्निर्धारित कर दोपहर 3.30 बजे कर दिया गया है। हालांकि, यह विमान की तकनीकी जांच, आवश्यक मंजूरी और अन्य परिचालन आवश्यकताओं पर निर्भर करेगा।

इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, विमान की तकनीकी और रखरखाव संबंधी जांच जारी है। सभी आवश्यक जांच एवं मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा। इंजन में खराबी आने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी