भारतीय रेलवे ने इस साल चलाईं 18 हजार से अधिक अतिरिक्त ट्रेनें, 20 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों ने किया सफर: अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.) भारतीय रेलवे ने इस साल दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर 18 हजार से अधिक अतिरिक्त ट्रेनें चलाईं जिनसे 20 करोड़ से अधिक यात्री पहले की तुलना में अधिक आराम से अपने गंतव्य पहुंच पाए।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज यहां पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में भारतीय रेलवे की नई उपलब्धियों और यात्री की सुविधा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि इस साल रेलवे ने 18 हजार से अधिक अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं संचालित कीं, जिनके माध्यम से करीब 20 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों ने सफर किया।
रेल मंत्री ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए। दुर्गा पूजा के दौरान सामान्य दिनों में जहां करीब 70 लाख यात्री सफर करते थे, वहीं यह संख्या बढ़कर 76 लाख तक पहुंच गई। इसी तरह छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या 75 लाख से बढ़कर 82 लाख तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया।
रेल मंत्री ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे स्टेशनों पर भी बदलाव किए गए हैं। गुजरात के सूरत स्थित उधना जंक्शन पर यात्रियों के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां एकसाथ करीब 40 हजार लोग रुक सकते हैं। इसके अलावा टिकटिंग काउंटरों को बाहर होल्डिंग एरिया में लाया गया है, ताकि स्टेशन परिसर में भीड़ का दबाव कम हो सके। यात्रियों की सुविधा के लिए स्कैनर की ऊंचाई भी कम की गई है ताकि यात्री को भार वाले समान को स्कैन करवाने में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान रेलवे में यात्रियों की संख्या में काफी गिरावट आई थी। कोविड से पहले भारतीय रेलवे में सालाना करीब आठ सौ करोड़ यात्री सफर करते थे। अब इस साल रेलवे ने फिर से आठ सौ करोड़ से अधिक यात्रियों के सफर का आंकड़ा पार कर लिया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कोविड काल के बाद से करीब 2,500 नई ट्रेनों को बढ़ाया गया है।
डिजिटल सुविधाओं को लेकर रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे वन ऐप का इस्तेमाल करीब 6 करोड़ यात्री कर रहे हैं। इस ऐप के साथ भारत टैक्सी को भी जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान परिवहन संबंधी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगी।
रेलवे में जनरल कोच की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। रेल मंत्री ने बताया कि करीब 40 साल पुराने सिस्टम को पूरी तरह अपग्रेड किया गया है। इस अपग्रेडेशन के तहत अब तक करीब 2,500 ट्रेनों को शामिल किया जा चुका है। अगले वर्ष अप्रैल मई तक सभी ट्रेनें नये सिस्टम पर आ जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी