नेपाल बाढ़ पीड़ितों के शवों की पहचान और सौंपने की प्रक्रिया के लिए भारतीय दूतावास ने जारी किया परामर्श

 


नई दिल्ली/काठमांडू, 01 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ के बाद जान गंवाने वाले विदेशी नागरिकों और भारतीय पीड़ितों के शवों की पहचान और उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रियाओं को लेकर काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने एक विस्तृत परामर्श जारी किया है।

भारतीय दूतावास की विज्ञप्ति में नेपाली अधिकारियों द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी दी गई है। नेपाल सरकार के अनुसार विदेशी नागरिकों के शवों को सौंपने के लिए 9 चरणों का पालन अनिवार्य होगा। इनमें शव से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, शव की रिकॉर्ड की गई तस्वीरें और विवरण, पोस्टमार्टम जांच, मौत के कारण का सत्यापन तक की कार्यवाही नेपाली अधिकारियों द्वारा पूरी की जाएगी।

इसके अलावा अन्य पांच में औपचारिक रूप से पहचान स्थापित करना, फिंगरप्रिंट, डीएनए एवं फोरेंसिक नमूना संग्रह, मृतक का पासपोर्ट या आईडी सत्यापन, दूतावास व कांसुलर समन्वय पूरा करना और हैंडओवर रिलीज़ मेमो, रसीद पूरी करना, मृतक के परिजन को स्वयं करनी होगी।

यदि मृतक के रिश्तेदार नेपाल पुलिस की आधिकारिक पोर्टल (udb.nepalpolice.gov.np) पर उपलब्ध तस्वीरों और विवरणों के माध्यम से पहचान कर लेते हैं, तो भारतीय दूतावास शवों को परिजनों को सौंपने और उन्हें स्वदेश भेजने में स्थानीय प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय करेगा।

स्वास्थ्य संबंधी खतरों को ध्यान में रखते हुए नेपाल सरकार ने बड़ी संख्या में अज्ञात शवों को अस्थायी रूप से दफनाया है। ऐसे शवों और जिन मामलों में पहचान संभव नहीं हो पा रही है, वहां पहचान स्थापित करने के लिए निकटतम रिश्तेदारों के डीएनए मिलान की आवश्यकता होगी।

मृतक के रिश्तेदार डीएनए प्रोफाइल dnacodis@nepalpolice.gov.np पर ईमेल कर सकते हैं या आवश्यक प्राथमिक जानकारी के साथ रक्त के नमूने नेपाली अधिकारियों को दे सकते हैं।

भारतीय दूतावास ने दूतावास से जल्द मदद पाने के लिए डीएनए प्रोफाइल की एक प्रति भेजने के लिए ईमेल आईडी eoikathmandufloodsupport@gmail.com जारी की है।

इसके अलावा अधिक जानकारी नेपाल पुलिस की वेबसाइट nepalpolice.gov.np और उनके हेल्पलाइन नंबर +977 9841 6160 95 पर उपलब्ध है।

बाढ़ पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं जो 24 घंटे संचालित होगा। इनमें +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 और +977 981 032 6117 शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी