वेनेजुएला में भूकंप पीड़ितों के लिए भारतीय सेना का 'ऑपरेशन एमिस्टेड' पूरा, वापसी शुरू
- भूकंप प्रभावित 1,900 से ज्यादा लोगों को क्रिटिकल केयर, ट्रॉमा मैनेजमेंट और सर्जरी दी
नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। अपने मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन 'ऑपरेशन एमिस्टेड' के सफल होने के बाद भारतीय सेना की टुकड़ी ने वेनेजुएला से वापसी शुरू कर दी है। भारत से भेजी गई कम्पोजिट टास्क फोर्स ने 28 जून तक पूरी तरह से चालू फील्ड हॉस्पिटल बना लिया था। मिशन के दौरान मेडिकल टीम ने राहत कार्यों में मदद के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए भूकंप से प्रभावित 1,900 से ज़्यादा लोगों को जरूरी मेडिकल केयर दी।
भारतीय सेना ने बुधवार को वेनेजुएला में तैनात भारतीय सेना की टुकड़ी के वापस होने की जानकारी दी। दक्षिण अमेरिका के उत्तरी हिस्से में आए दो विनाशकारी भूकंपों के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन एमिस्टेड' शुरू किया था। 26 जून को भारत से भेजी गई टास्क फोर्स ने 28 जून तक काराकास (ला रिनकोनाडा) में एक पूरी तरह से चालू फील्ड हॉस्पिटल बनाया। 41 लोगों की मेडिकल टीम आगरा के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल से ली गई थी। इस टुकड़ी ने 1,900 से ज़्यादा भूकंप प्रभावित लोगों को क्रिटिकल केयर, ट्रॉमा मैनेजमेंट और सर्जरी दी। उन्होंने लोकल मेडिकल ऑफिसर्स के लिए दो एडवांस्ड पोर्टेबल इमरजेंसी मेडिकल सिस्टम को भी तैनात किया।
वेनेजुएला में भारतीय सेना की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम की तैनाती को भारतीय वायु सेना ने आसान बनाया, जिसने 35 टन से ज़्यादा मेडिकल सप्लाई और राहत का सामान पहुंचाने के लिए दो सी-17 ग्लोबमास्टर एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल किया। इसी विमान से भारत ने भयानक भूकंप के बाद वेनेजुएला को मानवीय सहायता भेजी, जिसमें मेडिकल उपकरण और 2 क्यूब पोर्टेबल हॉस्पिटल शामिल थे। वेनेजुएला के नागरिकों के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत का 'ऑपरेशन एमिस्टेड' उस भयानक भूकंप के सिलसिले में था, जिसमें बहुत ज़्यादा जानें गई, बड़ी सख्या में लोग घायल हुए और इससे व्यापक स्तर पर तबाही हुई।
अनुभवी बचाव कर्मियों और मेडिकल प्रोफेशनल्स वाली 41 सदस्यों की टीम ने प्रभावित इलाकों में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, इमरजेंसी मेडिकल केयर और मानवीय राहत प्रयासों में वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया। वेनेजुएला में लगभग दो हफ्ते तक ऑपरेशन चलाने के बाद अब भारतीय सेना की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम ने वापसी शुरू कर दी है। भारतीय सेना ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से वापसी के क्रम में मेडिकल टीम भूकंप पीड़ितों की सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम