कनाडा के पीएम कार्नी का चारदिवसीय भारत दौरा, 02 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

 


नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स.)। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और नई साझेदारियों की संभावनाओं को तलाशने के उद्देश्य से कार्नी की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार कार्नी पहले मुंबई पहुंचेंगे। अगले दो दिनों में यहां वे अलग-अलग व्यावसायिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा भारत-कनाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) उद्योग वित्तीय विशेषज्ञ नवाचारों शिक्षकों के साथ-साथ भारत में मौजूद कनाडाई पेंशन फंड के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्नी 01 मार्च को नई दिल्ली पहुंचेंगे। 02 मार्च को दोनों शीर्ष नेता हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के अलग-अलग क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जो कनानास्किस (जून 2025) और जोहान्सबर्ग (नवंबर 2025) में हुई उनकी पिछली बैठकों पर आधारित होगी। वे व्यापार निवेश ऊर्जा महत्वपूर्ण खनिजों कृषि शिक्षा अनुसंधान और नवाचार जैसे खास स्तंभों पर सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी अपने विचार साझा करेंगे।

बाद में, दोनों नेता भारत-कनाडा सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे, जो दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों की नई दिशा तय करेगा।

आगामी बैठक भारत-कनाडा के बीच भरोसे को बहाल करने और लंबी अवधि की साझेदारी का रोडमैप तैयार करने का काम करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी