टोगो के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारत ने दिखाई विनिर्माण क्षमता, कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर
नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। भारत ने पश्चिमी अफ्रीकी देश टोगो में आयोजित 21वें लोमे अंतरराष्ट्रीय मेले में अतिथि सम्मानित देश के रूप में अपनी विनिर्माण क्षमता, तकनीकी विशेषज्ञता और विविध उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस मेले के जरिए भारत पश्चिम अफ्रीका के बाजारों में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने के साथ व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर तलाश रहा है। भारत दिवस 28 नवंबर को मनाया गया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह मेला 27 नवंबर से 13 दिसंबर तक टोगो की राजधानी लोमे स्थित सेंटर टोगोलाइस डेस एक्सपोजिशन्स एट फोयर्स में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 27 नवंबर को टोगो के अर्थव्यवस्था एवं रणनीतिक निगरानी मंत्री बदानम पाटोकी ने किया। इसमें 20 देशों के करीब एक हजार से अधिक प्रदर्शकों और प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की उम्मीद है।
भारत मंडप में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, दवा, स्वास्थ्य सेवा, नवीकरणीय ऊर्जा, इंजीनियरिंग, कपड़ा, विनिर्माण और डिजिटल समाधान जैसे क्षेत्रों के उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया गया है। वाणिज्य विभाग के तहत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) भी मेले में भाग ले रहा है। एपीडा टोगो और पश्चिम अफ्रीका के बाजारों में भारतीय कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ बाजार तक पहुंच और कारोबारी साझेदारी के अवसर तलाश रहा है।
भारत दिवस के अवसर पर भारतीय उद्योगों की क्षमता, तकनीकी प्रगति, विविध उत्पादों और निवेश के अवसरों को टोगो के कारोबारी समुदाय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के सामने रखा गया। इस दौरान भारतीय और टोगो के उद्यमों के बीच कारोबार से कारोबार (बी2बी) बैठकें और व्यावसायिक संपर्क भी हुए।
भारत और टोगो के बीच वित्त वर्ष 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार 3.36 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 3.45 अरब अमेरिकी डॉलर था। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने टोगो को 2.51 अरब अमेरिकी डॉलर का निर्यात किया, जबकि वहां से 851.27 मिलियन अमेरिकी डॉलर का आयात किया।
मेले के दौरान वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव अमित कुमार ने टोगो के अर्थव्यवस्था एवं रणनीतिक निगरानी मंत्री बदानम पाटोकी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने बाजार तक पहुंच बढ़ाने, कारोबारी साझेदारी विकसित करने और द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश को विस्तार देने पर चर्चा की। अमित कुमार ने कहा कि भारत टोगो के निर्यात का सबसे बड़ा गंतव्य है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक वस्तुओं की विविधता बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने काजू, सोयाबीन और शीया के प्रसंस्करण से जुड़े छोटे एवं मझोले उद्यमों के लिए भारत में उपलब्ध किफायती प्रसंस्करण मशीनों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि व्यापार नीतियों में अधिक स्थिरता और पूर्वानुमान से भारतीय कंपनियों को टोगो में प्रसंस्करण इकाइयों में निवेश के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर