अरुणाचल के कुछ स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयासों को भारत ने बताया शरारतपूर्ण और तथ्यहीन
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारत ने चीन द्वारा भारतीय क्षेत्रों को कथित तौर पर नए नाम दिए जाने की कोशिशों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने इसे शरारतपूर्ण और तथ्यहीन बताया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन की ओर से भारत के हिस्से वाले क्षेत्रों को काल्पनिक नाम देने के प्रयास स्वीकार्य नहीं हैं। इस तरह के कदमों का कोई आधार नहीं है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश सहित ये सभी क्षेत्र भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं। ये पहले भी भारत का हिस्सा थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि चीन की ऐसी हरकतें झूठे दावे और मनगढ़ंत नैरेटिव को बढ़ावा देती हैं। इससे जमीनी सच्चाई नहीं बदल सकती। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने के प्रयासों को प्रभावित करती है। उन्होंने चीन से अपील की कि वह ऐसे कदमों से बचे, जो द्विपक्षीय संबंधों में नकारात्मकता लाते हैं और आपसी समझ को कमजोर करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर