भारत-नीदरलैंड के बीच जल क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी पर बैठक आज

 


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्तिमंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में आज भारत और नीदरलैंड के बीच जल क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को लेकर द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई है। बैठक दोपहर तीन बजे भारत मंडपम परिसर में होगी।

जल शक्ति मंत्रालय के मुताबिक, बैठक के दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच जल क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

इस अवसर पर केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी), गुजरात सरकार के कल्पसर विभाग और नीदरलैंड के जल से संबंधित शोध संस्थान डेल्टारेस के बीच परियोजना में तकनीकी सहयोग के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

इसके अलावा सीडब्ल्यूसी, गुजरात सरकार के कल्पसर विभाग और नीदरलैंड के डेल्फ्ट तकनीकी विश्वविद्यालय के बीच क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण के लिए भी त्रिपक्षीय एमओयू किया जाएगा।

भारत मंडपम में 22 सितंबर से शुरू हुए पांच दिवसीय भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जल प्रबंधन, तकनीकी सहयोग और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/पवन कुमार

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद