प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से पश्चिम एशिया की स्थिति पर की चर्चा
नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबा से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें आगामी ईद के पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर विचार-विमर्श किया और हाल के घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करना भारत की प्रमुख प्राथमिकता है।
दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए निरंतर कूटनीतिक प्रयास आवश्यक हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए दिए जा रहे सहयोग के लिए क्राउन प्रिंस का आभार भी व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार